ग्रामीणों को किया गया जागरूक, बैगा परिवारों को कंबल, शॉल, स्वेटर एवं बच्चों को स्कूल बैग किया गया वितरित.
बिलासपुर : बिलासपुर जिले में पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकार और जनजागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में संचालित ‘चेतना’ जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत चौकी बेलगहना क्षेत्र के संरक्षित जनजाति बैगा बहुल्य ग्राम दारसागर–कुपाबांधा झरना में ‘सियान चेतना सम्मान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ-साथ समाज में कानूनी जागरूकता, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षा संबंधी जानकारी को जन-जन तक पहुँचाना रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को कंबल एवं शॉल तथा बच्चों को स्वेटर, स्कूल बैग एवं कॉपियाँ वितरित कर सम्मानित किया गया, जिससे बुजुर्गों में आत्मसम्मान और बच्चों में उल्लास की झलक देखने को मिली।

पुलिस अधिकारियों एवं समाजसेवी संस्थाओं द्वारा बैगा समुदाय को उनके कानूनी अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति तथा यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही, अनजान कॉल या लिंक के झांसे में न आने और किसी भी आपात स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग की मजबूत कड़ी के रूप में सामने आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भापुसे) द्वारा चेतना अभियान चला कर लोगों को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया था। जिस के परिपालन में दिनांक 26 दिसंबर 2025 को चौकी बेलगहना क्षेत्र के अंतर्गत संरक्षित जन जाति बैगा बाहुल्य ग्राम दारसागर–कुपाबांधा झरना में ‘चेतना’ जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत ‘सियान चेतना सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा दिया गया,उक्त कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी महोदय कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमंत सिंह, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक संघ एवं समाजसेवी संस्था के पदाधिकारी डॉ. देवरस जी एवं अन्य पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को ‘सियान चेतना सम्मान’ में कम्बल शाल तथा उपस्थित बच्चों को गर्म कपड़े स्वेटर, बैग, कॉपी वितरण कर सम्मानित करने से वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह एवं आत्मसम्मान से गौरन्वित हुए। छोटे-छोटे बच्चों में खुशी की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले सरक्षित बैगा जन जाति को कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा-मुक्ति तथा यातायात नियमों से अवगत करा कर जागरुक करते हुए अनजान कॉल, लिंक या लालच में आकर किसी को भी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया गया। वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती रहती है।

