यातायात पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत नशे में वाहन चलाने व नो-एंट्री उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
दुर्ग : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर सघन चेकिंग एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में यातायात पुलिस द्वारा दिनांक 23.12.2025 सायं लगभग 07.00 बजे नंदिनी रोड से पावरहाउस चौक के मध्य नो-एंट्री क्षेत्र में एक ट्रक को रोका गया। ट्रक चालक गणेश राम, उम्र 41 वर्ष को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाया गया। चालक के विरुद्ध नो-एंट्री में वाहन संचालन एवं ड्रिंक एंड ड्राइव के अंतर्गत मोटरयान अधिनियम की धारा 185 एवं 115/194 के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा दिनांक 24.12.2025 को आरोपी चालक पर ₹30,000/- का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
इसी प्रकार दिनांक 23.12.2025 को लगभग 04.00 बजे पटेल चौक, दुर्ग में नो-एंट्री क्षेत्र में एक भारी वाहन RJ14 GO 4857 को रोका गया। वाहन चालक सरूक खान, उम्र 26 वर्ष का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण करने पर शराब सेवन कर वाहन चलाना पाया गया। चालक के विरुद्ध धारा 115/194, 184 एवं 185 मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजा गया, जहां न्यायालय द्वारा दिनांक 24.12.2025 को आरोपी चालक को कुल ₹32,000/- के अर्थदंड से दंडित किया गया।
इसके अतिरिक्त दिनांक 22.12.2025 को एक दोपहिया वाहन CG 04 KU 1965 के चालक धनुष साहू, उम्र 33 वर्ष को ट्रिपल सवारी करते हुए, शराब सेवन कर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते पाया गया। चालक के विरुद्ध ड्रिंक एंड ड्राइव एवं ट्रिपल सवारी के तहत मोटरयान अधिनियम की धारा 185 एवं 128/194 (C) के अंतर्गत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा दिनांक 21.12.2025 को आरोपी पर ₹11,000/- का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत नशे में वाहन चलाने, नो-एंट्री उल्लंघन, ओवरलोडिंग, ट्रिपल सवारी एवं लापरवाह ड्राइविंग के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
अपील –
यातायात पुलिस दुर्ग नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं की एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

