किया था मृत को जिंदा करने का दावा, जिंदा नहीं कर पाने पर लगा दिया था एक महिला पर टोनही का आरोप, मृतिका के परिजनों ने की थी बैगाओ की बात में आकर महिला से मारपीट, मामला थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम भिंजपुर का
महिला की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में में दर्ज है बीएनएस की धारा 296,351(2),115(2),333,190,191(2) व टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4,5 के अंतर्गत अपराध.
पुलिस पूर्व में मामले से जुड़े दो बैगाओं सहित कुल 08 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेज चुकी है जेल.
गिरफ्तार फरार बैगाओ का नाम – 1. रत्थू राम चौहान, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम -लेंथरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बीलाईगढ़ (छ.ग), 2. विरनची महतो, उम्र 63 वर्ष, निवासी ग्राम -लेंथरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बीलाईगढ़ (छ.ग).
जशपुर : अंधविश्वास और टोनही प्रताड़ना के विरुद्ध जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस ने एक गंभीर और संवेदनशील मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो बैगाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिन्होंने मृत महिला को जिंदा करने का झांसा देकर ग्रामीणों को गुमराह किया और असफल होने पर एक निर्दोष महिला पर टोनही का आरोप लगवा कर उसके साथ मारपीट करवाई थी।
थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम भिंजपुर में घटित इस घटना ने अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को उजागर किया है। पुलिस की त्वरित विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपियों को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ से गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण में अब तक कुल 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि टोनही प्रताड़ना, तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 08 नवंबर 2025 को थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम भिंजपुर की प्रार्थिया फ़ौसी बाई ने थाना दुलदुला में अपने साथ टोनही का आरोप लगाते हुए मारपीट करने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के द्वारा थाना दुलदुला में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296,351(2),115(2),333,190,191(2) व टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4,5 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया था कि मृतिका सुनीता भगत जो कि रायपुर में रहती थी, अपने निजी काम से गृह ग्राम भिंजपुर आई हुई थी, जहां अचानक तबियत खराब होने से उसकी मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने मृतका का दफन कफ़न कर दिया था, परन्तु परिजनों को शक था कि किसी की नजर लगने से ही सुनीता भगत की मृत्यु हुई थी। अतः परिजनों के द्वारा जिला रायगढ़ क्षेत्रांतर्गत एक कृपा चौहान नाम के बैगा से संपर्क किया गया था, जिसके द्वारा अपने अन्य बैगा साथियों के साथ तंत्र-मंत्र कर मृतिका को जिंदा करने की बात कही गई थी, इस एवज में उनके द्वारा मृतिका के परिजनों से कुछ रकम भी ली गई थी। उनके द्वारा ग्राम भिंजपुर पहुंचकर, मृतिका के कब्र के पास, मृतिका को जिंदा करने हेतु तंत्र-मंत्र किया गया था, और परिजनों से और अधिक रकम की मांग की जा रही थी। परिजनों के द्वारा मृतिका को जिंदा करने के बाद ही शेष रकम देने पर, बैगाओं के द्वारा गांव की ही एक महिला पर टोनही का आरोप लगा, मृतिका को जिंदा करने में असमर्थता जताई गई थी। जिस पर मृतिका के परिजनों के द्वारा प्रार्थिया फ़ौसी बाई के साथ, टोनही का आरोप लगा मारपीट की गई थी।
पुलिस के द्वारा पूर्व में कार्यवाही करते हुए मृतिका के परिजनों व दो बैगाओं सहित 08 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
दो संदिग्ध बैगा क्रमशः 1. रत्थू राम चौहान, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम-लेंथरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बीलाईगढ़ (छ. ग), 2. विरनची महतो, उम्र 63 वर्ष, निवासी ग्राम-लेंथरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बीलाईगढ़ (छ.ग) घटना दिनांक से ही फरार थे, जिनकी पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान जशपुर पुलिस की मुखबिर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से उनके जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम लेंथरा में होने की सूचना पर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा उनकी धर-पकड़ हेतु पुलिस टीम जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ भेजी गई थी। जशपुर पुलिस की टीम के द्वारा ग्राम लेंथरा से दोनों फरार बैगाओं को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपी बैगाओं के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है व उनके कब्जे से तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त बंदर की हड्डी को भी जप्त किया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अलेक्सियूस तिग्गा, आरक्षक अकबर चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि दुलदुला क्षेत्रांतर्गत एक महिला से टोनही प्रताड़ना के मामले में दो फरार बैगाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, साथ ही आम नागरिकों व ग्रामीणों से अपील की है कि टोनही जैसे अंधविश्वास से दूर रहे।

