गौ तस्कर पिक-अप में ले जा रहे थे, गौ-वंशों को भर कर झारखंड की ओर, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की थी, लोरो घाट में नाकाबंदी, मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर व कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत का.
पुलिस को देख, गौ तस्कर पिक-अप को तेजी से लगे भगाने, एक पिक-अप गाड़ी वापस कर कुनकुरी की ओर भागा, पुलिस ने किया पीछा,अंततः काईकछार व कुनकुरी में पुलिस को संदिग्ध पिक-अप वाहन को पकड़ने में मिली सफलता.
आरोपी गौ तस्कर फरार, पुलिस कर रही है तलाश, शीघ्र ही की जावेगी गिरफ्तारी, पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक JH -01-VY-7119 व JH 01-FK-5521 को किया जप्त.
आरोपी गौ तस्करों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर व कुनकुरी में छग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6,10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 (1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
जशपुर : गौ-तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का कड़ा और निर्णायक प्रहार एक बार फिर सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग पिक-अप वाहनों से कुल 26 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर लोरो घाट में की गई नाकाबंदी के दौरान गौ तस्करों ने पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया, लेकिन जशपुर पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते तस्करों की साजिश नाकाम हो गई। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए, जबकि दोनों पिक-अप वाहनों को जब्त कर गौ-वंशों को सुरक्षित निकाला गया।
पुलिस द्वारा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की सघन तलाश की जा रही है। ऑपरेशन शंखनाद के माध्यम से जशपुर पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि गौ-तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
जशपुर पुलिस के द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन शंखनाद के तहत सीटी कोतवाली जशपुर व कुनकुरी क्षेत्र से दो पिक-अप वाहन से 26 नग गौ-वंशों को मुक्त कराने में सफलता मिली है।
प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक दिनांक 16 दिसंबर 2025 व 17 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात्रि में जशपुर पुलिस को मुखबीर से पुख़्ता सूचना मिली थी कि पिक-अप वाहनों में भारी मात्रा में गौ-वंशों को लोड कर जशपुर होते हुए, झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। जिस पर उन्हें पकड़ने, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा भारी मात्रा में बल लगा कर लोरो घाट में नाकाबंदी की गई थी, पुलिस टीम में थाना लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर, रक्षित केंद्र जशपुर व थाना कुनकुरी से बल लगाया गया था। इसी दौरान रात्रि 3 से 4 बजे के मध्य दो संदिग्ध पिक-अप वाहन आता दिखाई देने पर, पुलिस के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, परंतु गौ तस्कर इतने शातिर थे कि उनके द्वारा पुलिस पार्टी को देख, पिक-अप को तेजी से भगाने का प्रयास किया गया, एक पिक-अप वाहन तेजी से जशपुर की ओर भागी व दूसरी संदिग्ध पिक-अप, गाड़ी को बैक कर, दुलदुला चटकपुर के रास्ते भागने लगा, पुलिस की टीम दोनों संदिग्ध पिक-अप वाहनों का पीछा कर रही थी व रास्ते में पड़ने वाले थानों को भी संदिग्ध पिक-अप को पकड़ने हेतु नाकाबंदी करने की सूचना दी गई थी।
जशपुर की ओर भागी पिक-अप का ड्राइवर, पुलिस को पीछा करता व आगे की नाकेबंदी देख अपने पिक-अप वाहन को और तेजी से भगाने लगा, जिससे उसकी, पिक-अप वाहन अनियंत्रित होकर, काईकछार के पास रोड के किनारे पलट गई, उसका चालक पुलिस पार्टी के पहुंचने से पहले, गाड़ी से निकल कर रात्रि का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस के द्वारा जब पलटी हुई पिक-अप वाहन क्रमांक JH -01-VY -7119 के पास जाकर देखा गया तो पाया कि उक्त पिक-अप वाहन में त्रिपाल के नीचे 10 नग गौ-वंशों को बेरहमी पूर्वक रस्सी से बांध कर भरा गया था। जिसमें से 01 गौ वंश की मृत्यु हो गई थी। पुलिस के द्वारा सभी गौ-वंशों को बरामद कर, उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया व मृत गौ-वंश का पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम करा कर उसका अंतिम संस्कार किया गया।
इसी क्रम में जशपुर पुलिस की एक पार्टी दुलदुला कुनकुरी की ओर भाग रही संदिग्ध पिक-अप का पीछा कर रही थी, वहीं कुनकुरी पुलिस की टीम, भागने के संभावित रास्ते में नाकाबंदी की हुई थी। तभी दूसरा संदिग्ध पिक-अप वाहन भी कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम गड़ाकाटा से कुछ दूरी पर पुलिस पार्टी को देख पिक-अप वाहन क्रमांक JH 01-FK-5521 को छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस के द्वारा जब उक्त संदिग्ध पिक-अप वाहन के पास जाकर देखा गया तो, उसमें सब्जी रखने वाले कैरेट के पीछे 16 नग गौ वंश मिला, जिसमें से 03 नग गौ-वंशों की मृत्यु हो गई थी। जशपुर पुलिस के द्वारा सभी गौ-वंशों को बरामद कर उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया व मृत गौ-वंशों का पोस्टमार्टम करा कर, उनका विधिवत अंतिम संस्कार किया गया है।
जशपुर पुलिस के द्वारा दोनों संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक क्रमशः JH -01-VY-7119 व JH 01-FK-5521 को जप्त कर लिया गया है व गौ तस्करों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर व कुनकुरी में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6,10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 (1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है। पुलिस फरार गौ तस्करों की पातासाजी कर रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
इस प्रकरण की कार्यवाही व पिक-अप वाहन सहित गौ-वंशों की बरामदगी में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, रक्षित केंद्र जशपुर से निरीक्षक ललित यादव, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक छवि कांत पैंकरा, आरक्षक प्रमोद भगत, आरक्षक राम प्रताप यादव, आरक्षक जयप्रकाश, ममतेश तिर्की, आरक्षक महेश भगत, आरक्षक अनूप तिर्की व नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, दो पिक-अप से 26 नग गौ-वंशों को बरामद किया गया है, गौ तस्करों के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है। फरार आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।

