Breaking Jashpur : हाइवे पर 13 लाख की लूट का सुपर-ड्रामा! ड्राइवर बोला–चार नकाबपोशों ने हमला किया… लेकिन मेडिकल रिपोर्ट ने पूरी कहानी उलट दी—जांच में बड़ा ट्विस्ट, एसएसपी बोले—“सभी एंगल से जांच जारी”

Breaking Jashpur : हाइवे पर 13 लाख की लूट का सुपर-ड्रामा! ड्राइवर बोला–चार नकाबपोशों ने हमला किया… लेकिन मेडिकल रिपोर्ट ने पूरी कहानी उलट दी—जांच में बड़ा ट्विस्ट, एसएसपी बोले—“सभी एंगल से जांच जारी”

जशपुर : जशपुर के शांत हाईवे पर शनिवार सुबह अचानक सनसनी फैल गई, जब एक ट्रक ड्राइवर ने दावा किया कि चार अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर 13 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। मामला जितना सीधा दिख रहा था, पुलिस की शुरुआती जांच में उतना ही उलझता गया। ड्राइवर ने हाथ-पैर बांधने, पत्थर से मारने और जमीन पर गिराए जाने की कहानी सुनाई, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट, कपड़ों की स्थिति और बयान के विरोधाभासों ने पूरे घटनाक्रम को शक के घेरे में डाल दिया है। अब 13 लाख की यह कथित लूट सच है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा, पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह जशपुर के बालाछापर में हाइवे पर एक ट्रक क्रमांक CG14-MT-6190 से जो कि रांची से माल खाली कर व आलू लोड कर आ रहा था, जिसके चालक के पास रांची के माल का 13 लाख रुपए भी था, जिसको कथित रूप से चार व्यक्तियों के द्वारा ड्राइवर से लूट कर फरार हो गए हैं।

मौके पर पुलिस टीम के द्वारा पहुंच कर जब ट्रक ड्राइवर से विस्तृत पूछताछ की गई तो ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह रांची से आ रहा था, व सुबह 06.00 बजे बालछापर के पास, लघु शंका हेतु ट्रक रोककर, नीचे उतरा था, तभी पीछे से एक चार पहिया गाड़ी आई, जिसमें से चार लोग उतरे, और उसके हाथ पैर को बांधकर गिरा दिए, एक व्यक्ति के द्वारा डंडे व पत्थर से भी चोट पहुंचाया गया फिर उनके द्वारा गाड़ी में रखे 13 लाख रुपए को तथा मोबाइल फोन को लूटकर ले जाया गया। हालांकि डोडकचौरा ढाबा के पास मोबाइल गिरा मिला था।

पुलिस के द्वारा ट्रक ड्राइवर का मेडिकल मुलाहिजा करा दिया गया है। पुलिस की सायबर टीम सीसीटीवी को खंगाल रही है, कुछ पुलिस की पार्टियां, झारखंड की ओर रवाना की गई है, हालांकि ड्राइवर के कथन में विरोधाभाष भी है, जैसे कि उसने बताया कि उसका हाथ बांधा गया था, परंतु हाथ में बांधने के कोई निशान नहीं है, उसके द्वारा यह भी बताया गया था कि उसके पैर में डंडे से व कमर पर पत्थर से प्रहार किया गया था, जबकि उसके मेडिकल मुलाहिजा में कोई चोट का निशान नहीं दिख रहा था, साथ ही उसने यह भी बताया था कि लुटेरों ने लूट करते समय, उसे जमीन पर गिरा दिया था, ड्राइवर के अनुसार उस वक्त सुबह के 06.00 बज रहे थे, अगर उसे गिराया गया होता तो निश्चित रूप से ओश के कारण कपड़े गीले रहते व घास फूस का कुछ अंश जरूर चिपके रहते, जबकि ऐसा नहीं था, ड्राइवर के द्वारा कभी सामने की ओर हाथ बांधना बता रहा है, कभी पीछे की ओर हाथ बांधना बताता है। पुलिस उसके बयान में आए विरोधाभासों का भी अध्ययन कर रही है, पुलिस की विवेचना का एक एंगल यह भी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्रार्थी के बताए अनुसार पुलिस लूट की सभी संभावित एंगल पर प्रोफेशनल तरीके से काम कर रही है, पुलिस की कोशिश होगी, अगर घटना घटित हुई है, तो लुटेरों को जल्द पकड़ा जा सके।

Crime Jashpur