जंगल का आतंक: कुनकुरी के गड़ाकटा में हाथी के हमले में किसान की दर्दनाक मौत, खेत में मिला क्षत-विक्षत शव!

जंगल का आतंक: कुनकुरी के गड़ाकटा में हाथी के हमले में किसान की दर्दनाक मौत, खेत में मिला क्षत-विक्षत शव!

कुनकुरी (जशपुर) : थाना कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम बोडराबांध गड़ाकटा में जंगली हाथी के हमले से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जुनास बड़ा (63 वर्ष) निवासी बोडराबांध गड़ाकटा, रोज की तरह 5 नवंबर की शाम करीब 5 बजे कुनकुरी में अपनी फैब्रिकेशन की दुकान से काम खत्म कर घर लौटा था। घर पर परिवार के साथ बैठकर बातें करने के दौरान उन्होंने कहा कि वे अपने खेत में धान की फसल देखने जा रहे हैं।

परिवार ने उन्हें रोकने की भरसक कोशिश की — उनकी पत्नी अलबिना बड़ा ने चेतावनी दी कि जंगल की ओर हाथियों का झुंड देखा गया है, लेकिन जुनास बड़ा नहीं माने। उन्होंने कहा कि गांव वालों से पूछकर ही खेत जाएंगे, और अकेले ही खेत की ओर निकल पड़े।

समय बीतता गया, लेकिन वे लौटे नहीं। रात करीब 7:30 बजे जब बेटे शिशिर बड़ा ने पिता को फोन लगाया तो मोबाइल बंद मिला। परिजन और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, मगर रास्ते में हाथी दिख जाने के कारण सभी लोग वापस लौट आए।

अगली सुबह जब पुनः खोज के लिए निकले, तो गांव वालों के पैरों तले ज़मीन खिसक गई — खेत में जुनास बड़ा का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। आसपास हाथियों के पैरों के गहरे निशान मौजूद थे।

सूचना मिलते ही थाना कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 80/2025, धारा 194 बीएनएस के तहत कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच प्रारंभ की और घटना की सूचना एसडीएम कुनकुरी को भेजी।

गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हाथियों का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों के बढ़ते आतंक पर नियंत्रण और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Breaking Jashpur