जशपुर में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बड़ा कदम: मुख्यमंत्री ने महतारी सदन भवनों का किया वर्चुअल उद्घाटन

जशपुर में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बड़ा कदम: मुख्यमंत्री ने महतारी सदन भवनों का किया वर्चुअल उद्घाटन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले के लोखंडी एवं रेंगले ग्राम पंचायतों में निर्मित महतारी सदन का किया वर्चुअली लोकार्पण

ग्राम पंचायत रेंगले में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के तौर पर हुई शामिल

जशपुर, 23 सितंबर 2025 / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ी से छत्तीसगढ़ के 51 महतारी सदन भवनों का वर्चुअली लोकार्पण किया। इनमें जशपुर जिले के लोखंडी एवं रेंगले ग्राम पंचायतों में निर्मित महतारी सदन भी शामिल हैं। बगीचा विकासखंड के रेंगले में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने महतारी सदन का प्रतीकात्मक लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण और अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर जीवन ज्योति समूह रेंगले की सदस्य उमा यादव को वर्चुअली माध्यम से मुख्यमंत्री से बातचीत करने का अवसर मिला। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और कहा कि पहले समूह की बैठकें पेड़ के नीचे या किसी के घर पर होती थीं, जिससे बारिश और गर्मी के मौसम में दिक्कत होती थी। अब महतारी सदन बनने से महिलाएं सामाजिक एवं सांस्कृतिक बैठकें आसानी से कर पाएंगी। इससे आपसी सौहार्द भी मजबूत होगा। इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। महतारी सदन से महिलाओं को न सिर्फ सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए मंच मिलेगा, बल्कि वे अपनी आर्थिक गतिविधियों को भी संगठित रूप से आगे बढ़ा सकेंगी। इस अवसर पर बगीचा जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्यगण, अधिकारी–कर्मचारी सहित लगभग 400 बिहान की दीदियां उपस्थित रहीं।

Jashpur