प्रशासन और पुलिस ने आयोजन समितियों को दिए स्पष्ट निर्देश
मूर्ति स्थापना, साउंड सिस्टम, शोभायात्रा और विसर्जन पर तय मानकों का पालन अनिवार्य
कुनकुरी, 20 सितंबर 2025। आगामी नवरात्र एवं दशहरा पर्व को लेकर कुनकुरी पुलिस थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने आयोजन समितियों और नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ मिलकर त्यौहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विस्तृत चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी ने की। इस अवसर पर नायब तहसीलदार श्री गुप्ता, थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील नगर पंचायत के प्रतिनिधि तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी के प्रतिनिधि लेखापाल विकास सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशासन ने दिए स्पष्ट दिशा-निर्देश
बैठक में उपस्थित आयोजन समितियों को संबोधित करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि नवरात्रि हिंदू समाज का प्रमुख धार्मिक पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे और शांति के वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रतिमा स्थापना, मूर्ति के आकार, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, शोभायात्रा के मार्ग और प्रतिमा विसर्जन सहित सभी कार्यक्रमों के लिए निर्धारित समय सीमा और नियमों का पालन अनिवार्य होगा।
निर्धारित मानकों से बाहर जाकर किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ध्वनि स्तर नियंत्रित रखने, शोभायात्रा के दौरान अशोभनीय गीत बजाने से परहेज़ करने और सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करने की विशेष अपील की गई।
शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
दशहरा आयोजन पर हुई चर्चा
बैठक में दशहरा पर्व के आयोजन को लेकर भी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विमर्श हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खेल मैदान में होने वाले मुख्य आयोजन स्थल के सुरक्षा घेरे में केवल आयोजन समिति के अधिकृत सदस्य ही प्रवेश कर सकेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का आश्वासन दिया गया।
समितियों ने जताया सहयोग का भरोसा
सभी पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि पर्व को अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं। साथ ही उन्होंने कुछ सुझाव भी रखे, जिन्हें प्रशासन ने सकारात्मक रूप से लिया।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर दुर्गा पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष और सदस्य, साथ ही नगर के प्रमुख नागरिक मुरारीलाल अग्रवाल, विनित जिंदल, मुकेश जैन, ओम शर्मा, रूफी खान, नवीन जिंदल, श्याम सुंदर बंग, राजेश अग्रवाल, अमन शर्मा, दीपक हेडा, खालिद सिद्दीकी, सेराज राही सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में पुलिस थाना एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।

