जशपुर में आदिम जाति कल्याण विभाग कर्मचारी संघ ने दिवंगत प्रहलाद पाठक के परिजनों को लौटाए 5000 और दिए 3000 रुपये का आर्थिक सहयोग
जशपुर/दुलदुला, 14 सितम्बर 2025। आदिम जाति कल्याण विभाग कर्मचारी संघ, जिला शाखा-जशपुर ने अपने दिवंगत सदस्य स्वर्गीय प्रहलाद पाठक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए मानवीयता का अद्भुत उदाहरण पेश किया। संघ की ब्लॉक शाखा-दुलदुला की ओर से स्वर्गीय प्रहलाद पाठक के माता-पिता को सहयोग राशि 3000 रुपये प्रदान की गई।
इसके साथ ही दिवंगत श्री पाठक द्वारा संघ को पूर्व में जमा की गई 5000 रुपये की सहयोग राशि भी उनके परिवार को लौटाई गई। इस अवसर पर ब्लॉक शाखा दुलदुला के पदाधिकारी – ब्लॉक उपाध्यक्ष श्रीमती गौरी भगत, सलाहकार श्रीमती कान्ती बाई, संरक्षक राजेश राम, कोषाध्यक्ष पिताम्बर साय, रमाशंकर राम, बुद्धदेव भगत सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों ने स्वर्गीय प्रहलाद पाठक की निष्ठा, सेवा भाव और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके परिवार के प्रति एकजुटता और सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि “संघ केवल संगठन ही नहीं, बल्कि एक परिवार है। जब परिवार का कोई सदस्य संकट में होता है तो हम सभी का कर्तव्य बनता है कि हम उनके परिजनों के साथ खड़े रहें।”
यह पहल न केवल दिवंगत सदस्य के परिवार के लिए संबल बनी, बल्कि संघ के कर्मचारियों के बीच आपसी एकता, संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व का भी सशक्त संदेश लेकर आई।

