धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत बड़ा कदम : जशपुर में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम, हर चिन्हित गांव में बनेगा ‘आदि सेवा केंद्र’

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत बड़ा कदम : जशपुर में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम, हर चिन्हित गांव में बनेगा ‘आदि सेवा केंद्र’

जशपुर, 27 अगस्त 2025/ जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा की। इसके साथ ही आदि कर्मयोगी अभियान के तहत उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रेजेंटेशन के माध्यम से इनके क्रियान्वयन एवं इसके महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

विदित हो कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 02 अक्टूबर, 2024 को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ किया गया था। जिसका उद्देश्य अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़े हुए प्रमुख योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। इसी के अनुक्रम में भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई 2025 को आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसकी परिकल्पना विश्व के सबसे बड़े जनजाति नेतृत्व आंदोलन के रूप में की गई है। यह अभियान बहु-विभागीय समन्वय और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से लागू किया जा रहा है। यह अभियान कैडर आधारित मॉडल एवं अंतर विभागीय अभिसरण पर आधारित है, जो कि उत्तरदायी शासन एवं योजना निर्माण को संस्थागत रूप देना है।

बैठक में जानकारी दी गई कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले में 417 ग्रामों को शामिल किया गया। इन ग्रामों में आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आदि सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस सेवा केंद्रों में 20 से 25 की संख्या में आदि साथी व आदि सहयोगी में नाम से सदस्य नियुक्त किए जाएंगे। इसमें से एक सदस्य को कप्तान बनाया जाएगा जो कि नोडल के रूप में कार्य करेगा। इन सदस्यों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्व सहायता समूह के सदस्य, गांव के वरिष्ठ नागरिक और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे।

इन सेवा केंद्रों में विभाग से संपर्क का विवरण,सभी योजनाओं की जानकारी,शिकायत निवारण पंजी की स्थापना ,सरकारी टीमों के लिए संयुक्त भ्रमण पंजी रहेगी। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त संजय सिंह, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Jashpur