कुनकुरी में दर्दनाक हादसा : बक्सा फैक्ट्री में करंट लगने से मजदूर की मौत, लापरवाही की चपेट में बुझ गया घर का चिराग– मालिक पर लापरवाही का आरोप!

कुनकुरी में दर्दनाक हादसा : बक्सा फैक्ट्री में करंट लगने से मजदूर की मौत, लापरवाही की चपेट में बुझ गया घर का चिराग– मालिक पर लापरवाही का आरोप!

कुनकुरी, 15 जुलाई 2025: थाना क्षेत्र कुनकुरी के अन्तर्गत नगर की एक बक्सा फैक्ट्री में काम करने के दौरान बिजली का करेंट लगने से एक युवक की ईलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। मृतक का नाम इरफान आलम 32 वर्ष निवासी डुगडुगिया कुनकुरी बताया जा रहा है। घटना की जानकारी कुनकुरी पुलिस को देने के उपरांत अस्पताल एवं परिजनों की सूचना पर मर्ग कायम कर अग्रीम कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार इरफान आलम नगर के बालक शाला के समीप दिनेश जैन द्वारा संचालित बक्सा बनाने की फैक्ट्री में विगत कई वर्षो से काम कर रहा था। प्रतिदिन की तरह आज मंगलवार को वह सुबह काम करने आया काम कर दोपहर में खाना खाने घर डुगडुगिया गया। खाना खाकर वापस काम पर लौटा और काम करने के दौरान किसी कार्य के लिये बिजली के तार का उपयोग करने हेतु जैसे पास में लगे लोहे के पोल एवं लोहे की अलमारी के सम्पर्क में आया उसे जोरदार बिजली का झटका लगा। चीखने की आवाज सुनकर साथ में काम कर रहे सहकर्मियों द्वारा उसे धक्का देकर तार के सम्पर्क से हटाया गया और उसे ईलाज के लिये निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहूंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना की सूचना नगर में आग की तरह फैल गई। मृतक इरफान के परिजन एवं उसके समाज के लोग कुनकुरी पुलिस थाना पहूंचे। मृतक के बड़े पिता द्वारा पुलिस को बक्सा फैक्ट्री के संचालक द्वारा लापरवाही बरतने की शिकायत की गई है। मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुनकुरी पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना स्थल की प्रारंभिक जांच की गई है। फैक्ट्री में खुले तार से कनेक्शन लगे होने की जानकारी भी मिली है। देर शाम हो जाने के कारण मृतक का शव अस्पताल के शव गृह में रखा गया है। बुधवार की प्रातः पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंपा जायेगा। पीएम रिपोर्ट के बाद पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्यवाही किये जाने की जानकारी मिली है। मामले के विभिन्न पहलूओं पर गहन जांच किये जाने की भी जानकारी मिली है।

Breaking Jashpur