कोतरारोड़ पुलिस की दो दबिश में अवैध शराब का भंडाफोड़ : 250 लीटर महुआ शराब बरामद, पुलिस ने जब्त की शराब और उपकरण, दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक हिरासत में.

कोतरारोड़ पुलिस की दो दबिश में अवैध शराब का भंडाफोड़ : 250 लीटर महुआ शराब बरामद, पुलिस ने जब्त की शराब और उपकरण, दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक हिरासत में.

रायगढ़. 24 जून 2025 : कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम रानीगुड़ा में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर पुलिस ने दो अलग-अलग छापों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल और डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 250 लीटर महुआ शराब, शराब निर्माण की सामग्री व उपकरण जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन पर कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम रानीगुड़ा में कल 23 जून को पुलिस ने दो अलग-अलग दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्यवाही थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त व टीम द्वारा की गई, जिसमें कुल 250 लीटर कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण व सामग्री जप्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रानीगुड़ा के हरीजन मोहल्ला में दो लोग अपने घर के बाड़ी में हाथ भट्टी की शराब बनाकर बिक्री हेतु रखे हैं। इस पर पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर गांव रवाना हुई। मौके पर पुलिस को देख एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ललित कुमार सारथी पिता बुटू राम सारथी उम्र 38 वर्ष निवासी रानीगुड़ा बताया। आरोपी ने अपने बाड़ी में शराब बनाना स्वीकारते हुए पुलिस को मौके पर ले गया, जहां मिट्टी से बने चूल्हे पर लकड़ी की आग जल रही थी और ऊपर सिल्वर रंग की डेच्की में शराब पक रही थी। तलाशी में उसके कब्जे से कुल 120 लीटर कच्ची महुआ शराब, 20 लीटर क्षमता वाला जेरिकन, शराब बनाने की 30 किलो क्षमता वाली डेच्की सहित कुल 14 हजार रुपये की सामग्री बरामद की गई।

इसी दौरान दूसरे आरोपी रामकुमार सारथी पिता चमार सिंह सारथी उम्र 45 वर्ष निवासी रानीगुड़ा को भी पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। उसने भी अपने बाड़ी में शराब बनाना स्वीकार किया। मौके पर उसके कब्जे से 130 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, प्लास्टिक के डिब्बे, 30 किलो क्षमता की डेच्की सहित कुल 15 हजार रुपये की सामग्री बरामद की गई।

Crime