जशपुर, 23 जून 2025: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब तपकरा थाना क्षेत्र के साजबहार (उतियाल नदी) के पास एक महिला और दो मासूम बच्चों के शव बरामद किए गए। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची और रेत हटाने के बाद नदी किनारे से एक 6 वर्षीय बालक और 11 वर्षीय बालिका का शव बरामद किया गया, जबकि कुछ दूरी पर जंगल में 36 वर्षीय महिला का शव मिला।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों द्वारा तीनों शवों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और मुख्य संदेही प्रमोद गिद्धी की तलाश की जा रही है, जो घटना के बाद से फरार है।
❝ हत्या की बात खुद आरोपी ने नशे की हालत में कबूल की ❞
जानकारी के अनुसार, प्रमोद गिद्धी नामक व्यक्ति ने शराब के नशे में गांव में यह स्वीकार किया कि उसने एक महिला और दो बच्चों को मारकर नदी किनारे दफना दिया है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद तपकरा पुलिस टीम सक्रिय होकर मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया।
रेत में दबी थी मासूमों की मासूमियत, जंगल में मिला मां का शव
यह दृश्य दिल दहला देने वाला था। जहां नदी के किनारे दो मासूम बच्चों के शव रेत के नीचे से निकाले गए, वहीं कुछ ही दूरी पर जंगल में एक महिला का शव मिला। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और बताया है कि अंतिम निष्कर्ष पीएम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही सामने आएगा।
पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में प्रमोद गिद्धी संदेही नजर आ रहा है, लेकिन पुलिस इस मामले को हर पहलू से खंगाल रही है, जिससे कोई भी सच्चाई छिपी न रह जाए। आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है, और जल्द ही गिरफ्तारी की भी संभावना जताई गई है।

