कुनकुरी, 07 जून 2025 | जशपुर जिले में शनिवार की शाम एक हाई वोल्टेज ड्रामा उस वक्त देखने को मिला जब हाईवे पर दौड़ती बाइकों की तेज़ गड़गड़ाहट और स्टंट के धमाकों से मयाली नेचर कैम्प क्षेत्र गूंज उठा। “बाइकर्स ऑफ जशपुर” नामक ग्रुप द्वारा आयोजित इस खतरनाक स्टंट शो ने जब हदें पार कीं, तो मामला सीधे एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जिस प्रकार तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की, वह कानून के प्रति प्रतिबद्धता और जन सुरक्षा के प्रति उनकी संवेदनशीलता का उदाहरण बन गई। 17 स्टंटबाज़ बाइकर धराए, बाइक्स जब्त हुईं और पूरे जिले में स्पष्ट संदेश गया — जशपुर की सड़कों पर अराजकता की कोई जगह नहीं!
शनिवार की शाम जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम मयाली स्थित नेचर कैम्प के पास कुछ युवाओं ने हाईवे को रेसिंग ट्रैक में तब्दील कर दिया। बाइकर्स गैंग द्वारा खुलेआम स्टंटबाज़ी और तेज़ आवाज़ वाले मॉडिफाइड बाइकों से शांति भंग करने की जानकारी मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 17 बाइकर्स को मौके पर धरदबोचा।
इन बाइकर्स में कई बिना लाइसेंस, बिना वैध दस्तावेज और मॉडिफाइड साइलेंसर से लैस बाइकों के साथ पकड़े गए हैं। इस छापेमारी के दौरान कुछ वाहन इस हद तक मॉडिफाइड थे कि उनमें से बुलेट की तरह धमाके जैसी आवाजें निकल रही थीं, जिससे हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया।
बाइकर्स ऑफ जशपुर ग्रुप के नाम पर हुआ था खतरनाक मीटअप
पुलिस जांच में यह सामने आया कि इन युवकों ने ‘बाइकर्स ऑफ जशपुर’ नामक एक सोशल मीडिया ग्रुप के ज़रिए इस गैरकानूनी स्टंट शो का आयोजन किया था। इसमें न केवल जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों से, बल्कि सीमावर्ती ओडिशा और झारखंड से भी बाइकर आए हुए थे।
नेचर कैम्प जैसे शांत और पर्यटन की दृष्टि से संवेदनशील स्थल के पास इस प्रकार का आयोजन, न सिर्फ कानून व्यवस्था को चुनौती है, बल्कि क्षेत्र की छवि पर भी आघात है।
एसएसपी ने स्वयं मौके पर पहुंच कर की कार्रवाई
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने न केवल एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी और थाना प्रभारी एसआई संतोष तिवारी को तत्काल मौके पर भेजा, बल्कि स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचे।
वहाँ पहुंचते ही पुलिस टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और सभी 17 बाइकर्स को हिरासत में ले लिया। इन सभी को कुनकुरी थाना लाया गया, जहां उनके ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के रजिस्ट्रेशन, और मॉडिफिकेशन की जांच की जा रही है।

जब्त की गईं हाई परफॉर्मेंस और मॉडिफाइड बाइक्स
जांच में पाया गया कि इन युवकों की बाइक्स में नकली साइलेंसर, बिना नंबर प्लेट, और अत्यधिक गति देने वाले इंजिन मॉडिफिकेशन किए गए थे। इन बाइक्स को फिलहाल थाने में जब्त कर लिया गया है।
कानून का उल्लंघन और युवाओं को गुमराह करने की साजिश
यह मामला न केवल ट्रैफिक उल्लंघन का है, बल्कि युवाओं के बीच ग़लत संदेश और खतरनाक स्टंट को ग्लोरिफाई करने की प्रवृत्ति का एक चिंताजनक उदाहरण भी है। सोशल मीडिया पर स्टंट वीडियो बनाने और शेयर करने की होड़ ने कई युवाओं को जानलेवा गतिविधियों की ओर मोड़ा है।
SSP का सख्त संदेश: कानून तोड़ने वालों को मिलेगी सजा
इस पूरे घटनाक्रम पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा –“हाईवे स्टंट शो करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जशपुर को अराजक गतिविधियों का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। सड़कें प्रदर्शन की जगह नहीं, जीवन की सुरक्षा के लिए हैं।”
पुलिस की अपील: स्टंट नहीं, सुरक्षा को प्राथमिकता दें
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बाइक चलाने के नियमों के प्रति जागरूक करें। स्टंटबाज़ी न केवल स्वयं के जीवन को खतरे में डालती है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन जाती है।

