कोतरारोड़ पुलिस द्वारा आंगनबाड़ी सहायिकाओं, मितानिन व पुलिस मित्रों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित.
रायगढ़. 07 जून 2025 : कोतरारोड़ थाना पुलिस ने सामुदायिक सहभागिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए आंगनबाड़ी सहायिकाओं, मितानिनों, कोटवारों और पुलिस मित्रों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। यह पहल पुलिस और समाज के बीच सहयोग की एक सशक्त मिसाल के रूप में सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में 06 जून 2025 को कोतरारोड़ पुलिस द्वारा क्षेत्र के जनसहयोगियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा सराहनीय सामाजिक सहयोग देने वाले आंगनबाड़ी सहायिका, मितानिन, कोटवार व पुलिस मित्रों को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

पुलिस द्वारा सम्मानित व्यक्तियों में ग्राम बरमुड़ा के पवन सिदार (पुलिस मित्र), ग्राम पतरापाली के मो. फेजान ईराकी (पुलिस मित्र), ग्राम पंझर की आंगनबाड़ी सहायिका जगेश्वरी ठाकुर, ग्राम लिटाईपाली की मितानिन पद्मा बघेल सम्मिलित रहीं। इनके अतिरिक्त विरुराज सहित अन्य सहयोगियों को भी सम्मानित कर पुलिस प्रशासन ने उनके सहयोग की सराहना की।
इस पहल का उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा पुलिस के कार्य में दिए जा रहे अमूल्य सहयोग को मान्यता देना रहा। कार्यक्रम में कोतरारोड़ पुलिस स्टॉफ व आमजन की उपस्थिति सराहनीय रही।

