राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियवंदा सिंह जूदेव ने की केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात, पहाड़ी कोरवा,महिला सुरक्षा और केंद्रीय योजनाओं पर हुई विस्तार से चर्चा
महिला सशक्तिकरण पर छत्तीसगढ़ की पहल को केंद्रीय मंत्री का समर्थन, प्रियवंदा सिंह जूदेव ने दिल्ली में रखे महत्वपूर्ण मुद्दे.
जशपुर. 28 मई 2025 : छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियवंदा सिंह जूदेव ने दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जशपुर जिले सहित पूरे प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, पोषण, शिक्षा और विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार की पहलों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रियवंदा सिंह जूदेव ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को बताया कि जशपुर जिले में विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा निवास करती है। पहाड़ी कोरवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री दिलीप सिंह जूदेव ने आजीवन प्रयास किया। अब उनके कार्यों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्र में अतिरिक्त पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने और प्ले स्कूल की तर्ज पर आंगनबाड़ी केंद्रों को विकसीत करने की योजनता तैयार की गई है। इससे पहाड़ी कोरवा महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल हो सकेगी साथ ही उन्हें शिक्षा से भी जोड़ा जा सकेगा।
महिला सुरक्षा पर चर्चा करते हुए प्रियवंदा सिंह जूदेव ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि प्रदेश के पुलिस थाना में महिला हेल्प डेस्क का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही आपात स्थिति में महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने के लिए सखी सेंटर का संचालन किया जा रहा है। स्कूल और कालेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए स्कूलों में मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण भी समय-समय में दिया जाता है। केंद्रीय योजनाओं पर चर्चा करते हुए श्रीमती जूदेव ने बताया कि सुपोषण और वजन तिहार के माध्यम से महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की मानिटरिंग करने के साथ ही पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। गर्भवती व शिशुवती माताओं की देखभाल केंद्र सरकार के गाइड लाईन के अनुसार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिला व बाल सुरक्षा को लेकर किये जा रहे कार्यो की प्रशंसा की। उन्होनें महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव को आश्वस्त किया कि जशपुर सहित पूरे प्रदेश में केंद्रीय योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर वे तत्काल इसे संज्ञान में लेगीं।