कुनकुरी नगर पंचायत में विकास कार्यों पर छाये राजनैतिक संकट के बादल : अध्यक्ष विनयशील पर मुख्यमंत्री एवं छ.ग. शासन की छवि धूमिल करने का भाजपा पार्षदों का आरोप…देखें प्रेस वार्ता का पूरा विडिओ..!

कुनकुरी नगर पंचायत में विकास कार्यों पर छाये राजनैतिक संकट के बादल : अध्यक्ष विनयशील पर मुख्यमंत्री एवं छ.ग. शासन की छवि धूमिल करने का भाजपा पार्षदों का आरोप…देखें प्रेस वार्ता का पूरा विडिओ..!

कुनकुरी, 19 मई 2025 : नगर पंचायत कुनकुरी में इन दिनों विकास कार्यों को लेकर गंभीर राजनीतिक टकराव उभर कर सामने आया है। नगर पंचायत के भाजपा जनप्रतिनिधियों (पार्षदों) ने प्रेस वार्ता कर नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे अपने पद का दुरुपयोग कर योजनाबद्ध तरीके से न केवल विकास कार्यों को बाधित कर रहे हैं, बल्कि राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा सरकार की छवि को भी नुकसान पहुँचाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि विनयशील द्वारा अध्यक्ष पद की शपथ लेने के बाद पूर्व कार्यकाल में स्वीकृत और प्रक्रिया में चल रहे तमाम विकास कार्यों को जानबूझकर रोका जा रहा है। इनमें सीएमओ व इंजीनियर के आवासीय क्वार्टर, जिम निर्माण, तथा विर्सजन तालाब सौंदर्यीकरण कार्य प्रमुख हैं। ठेकेदारों को डराया-धमकाया जा रहा है ताकि कार्य बीच में रुक जाएं और बाद में इन्हें ‘विफल योजना’ के रूप में प्रचारित कर सरकार को बदनाम किया जा सके।

राशन वितरण व्यवस्था में भी अनियमितता फैलाने का प्रयास हो रहा है। प्रेस वार्ता में बताया गया कि पूर्व कार्यकाल में परिषद में एक नई राशन दुकान खोलने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसकी स्वीकृति की प्रक्रिया अभी जारी है। परंतु अध्यक्ष विनयशील ने बिना वैध प्रक्रिया अपनाए और बिना स्वीकृति प्राप्त किए गैरकानूनी रूप से राशन दुकान दो स्थान पर खुलवा दी। यदि भविष्य में इस पर कोई कानूनी विवाद होता है, तो इसका दोष वर्तमान सरकार पर मढ़ा जाएगा। यह सीधा-सीधा मुख्यमंत्री और सरकार की छवि बिगाड़ने का षड़यंत्र है।

प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि नगर पंचायत द्वारा स्वीकृत ₹97.50 लाख की डेम सफाई योजना को भी अध्यक्ष विनयशील ने विवादों के घेरे में लाकर रोक दिया है। इस योजना में ₹48.75 लाख के भुगतान को लेकर फर्जी सवाल खड़े किए जा रहे हैं, जबकि नगर पंचायत द्वारा सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। संबंधित कार्यों का लॉग बुक, बिल, वाहनों का विवरण, तथा कैमिकल व शुद्धिकरण सामग्री के दस्तावेज फाइल में संलग्न हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस के वे पार्षद, जिन्होंने पहले इस योजना का समर्थन किया था, अब उसी कार्य के खिलाफ पोस्टर लेकर विरोध कर रहे हैं। यह दोहरे चरित्र और राजनैतिक स्वार्थ का स्पष्ट प्रमाण है।

नगर पंचायत के प्लेसमेंट टेंडर में हुई एक लिपिकीय त्रुटि को भी गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। टेंडर की सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूर्णतः वैध हैं और सभी दस्तावेजों में नगर पंचायत कुनकुरी का नाम स्पष्ट रूप से अंकित है। लेकिन एक स्थान पर गलती से दूसरे नगर पंचायत  का नाम अंकित हो जाने को ‘नगर का नाम परिवर्तन’ बताकर राजनैतिक रंग देने की कोशिश हो रही है।

उल्लेखनीय है कि ऐसा ही दो-दो वर्ष का टेंडर चंद्रखुरी, प्रतापपुर, और भैरमगढ़ नगर पंचायतों में भी किया गया है, जिससे यह भी स्पष्ट होता है कि कुनकुरी में की गई प्रक्रिया भी विधिसम्मत है।

पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के दौरान नगर पंचायत का पुराना भवन नमक की बोरियों और कचरे का गोदाम बना हुआ था। प्रेस वार्ता में बताया गया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस भवन की मरम्मत कराकर इसे उपयोगी रूप दिया गया है। भवन में सुरक्षा व सौंदर्य की दृष्टि से लगाए गए 7 दरवाजों को ‘हवेली’ का गेट बताकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है।

इस कार्य में प्रयुक्त 1620 किलोग्राम वजन के 5 दरवाजों, 1 मुख्य गेट, 1 चैनल गेट आदि की मरम्मत जोनल मद से की गई है, जिसके समस्त दस्तावेज उपलब्ध हैं। लेकिन स्टीमेट और बिल को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर जनता को षड्यन्त्र पूर्वक गुमराह किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया कि अध्यक्ष विनयशील द्वारा नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाकर भय का वातावरण बनाया जा रहा है, जिससे वे उनकी मनमर्जी के अनुसार कार्य करें और भ्रष्ट गतिविधियों के लिए आधार तैयार हो सके। यह लोकतंत्र की मर्यादा के विरुद्ध है।

प्रेस वार्ता में नगरवासियों से अपील की गई कि वे इस प्रकार की विकास विरोधी राजनीति के प्रति सजग रहें और ऐसे नेताओं के बहकावे में न आएं जो अपने राजनैतिक एजेंडे के लिए नगर के हितों से खिलवाड़ कर रहे हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वर्तमान भाजपा सरकार के प्रति विश्वास बनाए रखें जो राज्य के हर कोने में पारदर्शी विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Jashpur Political