जशपुर, 4 मार्च 2025/ नवगठित नगर पालिका जशपुर का शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को आयोजित होगा। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होगें। मुख्यमंत्री साय को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करने जशपुर की विधायक रायमुनि भगत के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल रायपुर में मुख्यमंत्री साय से मुलाकात किया था। मुख्यमंत्री साय ने निमंत्रण को स्वीकार करते हुए 16 मार्च का समय दिया है।
उल्लेखनिय है कि हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों में नगर पालिका जशपुर में भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष के साथ 18 वार्डों पर कब्जा जमाने में सफल रही थी। अध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रत्याशी अरविंद भगत ने कांग्रेस के हीरू राम निकुंज को 3154 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया था। नगरपालिका जशपुर भाजपा का अभेद गढ़ रहा है। इसलिए शपथ ग्रहण समारोह को भव्य रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला भाजपा के मिडिया प्रभारी फैजान खान ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भाजपा के सभी पार्षदों के साथ पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उत्साहित हैं।
निवर्तमान मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने बीते सोमवार को प्रस्तुत किए गए बजट में जिले को मेडिकल कालेज,नर्सिंग कालेज,फुटबाल ग्राउंड और इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का उपहार दिया है। इससे शहर सहित पूरे जिले में उत्साह है। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे मुख्यमंत्री का भव्यतम स्वागत किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंद भगत,फैजान सरवर खान,संतोष सिंह,कृपा शंकर भगत, सोनू पांडेय, अमित साय और पालिका के सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय शामिल थे।