कलेक्टर रोहित व्यास ने मतदाताओं से की मतदान करने की अपील
मतदान जागरूकता कार्यक्रम जाबो के तहत मतदाताओं को किया जा रहा है जागरूक
जशपुर,03 फरवरी 2025/ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम जाबो के तहत मतदाताओं को मतदान का महत्व बताने के साथ ही उन्हें प्रेरित भी किया जा रहा है। नगरीय निकायों में मतदान ई. व्ही. एम. से किया जाना है। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर नगरीय निकाय क्षेत्रों में ई. व्ही. एम. से मतदान करने के तरीके का जगह- जगह प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में कलेक्टर श्री व्यास ने आज रणजीता स्टेडियम के समीप ई. व्ही. एम. से मतदान करने की प्रक्रिया का किए जा रहे प्रदर्शन का अवलोकन किया। उन्होंने खुद डेमो ई. व्ही. एम. पर मतदान किया। इस दौरान कलेक्टर ने लोगों से मतदान करने की अपील भी की। मास्टर ट्रेनर डी. डी. स्वर्णकार और संतोष अंबष्ट के द्वारा लोगों को ई. व्ही. एम. में वोट देने के तरीके का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा था। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी विश्वास राव मस्के, एसडीएम ओंकार यादव, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर, नगर पालिका सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
नगरीय निकायों में चुनाव के लिए ई.व्ही.एम के उपर के हिस्से में सफेद लेबल पर नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशियों का नाम अंकित होगा। इसी तरह पार्षद पद के लिए इसके निचले हिस्से पर गुलाबी लेबल पर पार्षद पद के प्रत्याशियों का नाम अंकित होगा। मतदाता को ई.व्ही.एम. पर दो बार बटन दबाकर मतदान करना होगा। एक बार अध्यक्ष पद के लिए और दूसरी बार पार्षद पद के लिए।
मतदाता अगर सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए मतदान करना चाहता है तो उसे ई.व्ही.एम. के सफेद लेबल पर किसी एक बटन को दबाना होगा और उसके बाद ई.व्ही.एम. मशीन के अंतिम में एक ईएनडी बटन लगा हुआ होगा उसे दबाना होगा इससे मत देने की प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। इसी तहत अगर मतदाता अगर सिर्फ पार्षद पद के मतदान करना चाहता है तो उसे गुलाबी लेबल पर अपने पसंद के अभ्यर्थी के सामने बटन को दबाना होगा उसके बाद अंतिम में एक ईएनडी बटन लगा हुआ होगा उसे दबाना होगा इससे मत देने की प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।